धनबाद। सिजुआ क्षेत्र के लोयाबाद सात नंबर मुस्लिम मुहल्ले में रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तेज आवाज के साथ भू-धंसान की एक बड़ी घटना सामने आई। इस हादसे में स्थानीय निवासी अरमान अंसारी का घर देखते ही देखते जमींदोज हो गया। घटना के बाद घटनास्थल पर लगभग 15 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा विशाल गड्ढा बन गया है, जिसमें से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और आसपास की मिट्टी ढह रही है। घनी आबादी वाले इलाके में हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में गहरा खौफ व्याप्त है।
घटना के वक्त अरमान अंसारी की पत्नी जमीला खातून अपने बच्चों के साथ घर में ही मौजूद थीं। अचानक कमरे की जमीन को धंसता देख उन्होंने तत्परता दिखाई और बच्चों को लेकर तुरंत बाहर की ओर भागीं। इसके कुछ ही देर में पूरा कमरा जमीन में समा गया। हालांकि कमरे में रखा सारा सामान गड्ढे में गिरकर नष्ट हो गया, लेकिन परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय मकान मालिक अरमान अंसारी काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने राहत कार्य में मदद की और पीड़ित परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भू-धंसान का दायरा केवल एक घर तक सीमित नहीं रहा। घटनास्थल से दो घर दूर स्थित डबलू अंसारी के मकान का एक कमरा भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है। लगातार हो रहे रिसाव और मिट्टी के कटाव को देखते हुए आसपास की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है।
सुरक्षा को लेकर चिंतित स्थानीय निवासी मो. सरफुद्दीन, मो. वसीम, सोनू अंसारी, फातिमा खातून, मो. इखलाक, आलम मंसूरी, अरमान अंसारी, क़िताबुल खान और बेबी खातून समेत कई परिवार अपने-अपने घरों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं।
