रांची/लातेहार। लातेहार जिले के महुआडांड़ क्षेत्र का पारंपरिक और सुगंधित जीराफूल चावल अब बड़े और प्रीमियम बाजारों में अपनी खुशबू बिखेरने के लिए तैयार है। स्थानीय कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की पहल के तहत नेतरहाट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (एफपीओ) को 'किसान से एगटेक प्रा. लि.' की ओर से 25 मीट्रिक टन जीराफूल चावल का पहला व्यावसायिक ऑर्डर मिला है। इस कुल ऑर्डर का मूल्य ₹26.25 लाख है।
अप्रैल में जारी इस आदेश के तहत 1 और 2 किलोग्राम के कुल 16,250 पैकेट तैयार किए गए हैं। इसी क्रम में 31 अगस्त को 6.70 मीट्रिक टन चावल की पहली खेप लातेहार से गुरुग्राम स्थित वेयरहाउस के लिए रवाना की गई।
जेएसएलपीएस के 'सेतु सेल' ने किसानों, एफपीओ, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और मार्केट लिंक के बीच समन्वय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा, लातेहार जिला प्रशासन द्वारा महुआडांड़ में स्थापित 'राइस कम पीनट प्रोसेसिंग यूनिट' इस पूरी सप्लाई चेन को मजबूत आधार दे रही है। इसका संचालन नेतरहाट एफपीओ कर रहा है, जिससे क्षेत्र के लगभग 1,500 किसान सीधे जुड़े हुए हैं।
अपने महीन दाने, बेहतरीन स्वाद और विशिष्ट खुशबू के लिए प्रसिद्ध जीराफूल चावल स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी काफी फायदेमंद है।अपने इन पोषक गुणों के कारण यह चावल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक उपभोक्ताओं के बीच एक प्रीमियम उत्पाद के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
