रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि महिलाओं को केवल वोट बैंक समझने की मानसिकता बदलनी होगी। उन्हें राजनीतिक कार्यक्रमों की भीड़ बनाने के बजाय नेतृत्व की कमान सौंपनी होगी और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना होगा। वे सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित 'महिला संवाद एवं सदस्यता कार्यक्रम' को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पूर्व, हाल ही में दिवंगत हुए शिक्षा मंत्री सुदीप्त कुमार सोनू की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
सुदेश महतो ने कहा कि महिलाओं को छोटी-छोटी सहायता राशि देकर घर तक सीमित रखना उनके सामर्थ्य को बांधना है। महिला समूहों का मूल उद्देश्य बचत या लोन तक सीमित न रहकर रोजगार, कारोबार और नेतृत्व से जुड़ना होना चाहिए। पार्टी का लक्ष्य 'कमाओ दीदी' जैसी व्यवस्था बनाना है, जिसके जरिए महिलाएं प्रशिक्षण, पूंजी और बाजार के बल पर हर महीने 10 से 20 हजार रुपये की सम्मानजनक आय अर्जित कर सकें।
श्री महतो ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी, तो परिवार की जमीन, बच्चों की शिक्षा और भविष्य के फैसलों में उनकी बराबरी की भूमिका तय होगी।झारखंड की आधी आबादी को यदि अवसर और आजीविका मिले, तो वे राज्य के सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत बन सकती हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रीति कुमारी, सीमा कुजूर, निशा उरांव और सुमन देवी सहित कई महिला नेताओं ने समान अवसर और सम्मानजनक भागीदारी पर जोर दिया।
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव प्रो. रविशंकर मौर्य, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, महिला अध्यक्ष वीणा देवी, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शहदेव और रूपाश्री गाड़ी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
