रांची। रांची में प्याज की बढ़ती कीमतों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। अभी इसकी कीमत 60 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गई है। ऐसे में रोजमर्रा की खरीदारी में राहत देने के लिए केंद्र सरकार की पहल पर नेशनल कोऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनसीसीएफ) ने रांची में रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू की है। एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के जरिये 35 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराये जाने की पहल शुरू कर दी गयी है। फिलहाल रांची में 10 अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल वैन के जरिए इसकी सुविधा उपभोक्ताओं को मिलेगी। इनमें चुटिया, कोकर, कुसई कॉलोनी, हिनू चौक, धुर्वा सेक्टर-1, पंडरा में रवि स्टील के पास, बजरा, जतरा टांड़-पिस्का मोड़, रातू रोड और अपर बाजार में बड़ा तालाब के पास के लोकेशन शामिल हैं।
रांची में एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने बताया कि सरकारी दर पर प्याज की बिक्री की शुरुआत किशोरगंज कर दी गयी है। अन्य 10 जगहों पर भी सोमवार से यह सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जब भी प्याज की कीमत अप्रत्याशित रूप से बढ़ती है, तब केंद्र सरकार की पहल पर एनसीसीएफ की ओर से सरकारी दर पर प्याज की बिक्री शुरू की जाती है। उन्होंने बताया कि रियायती दर पर प्याज खरीदने के लिए भी मात्रा तय की गई है। एक उपभोक्ता को अधिकतम 2 किलो प्याज ही दिया जा रहा है। फिलहाल यह व्यवस्था रांची से शुरू की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में इसका दायरा झारखंड के दूसरे जिलों तक भी बढ़ाया जा सकता है।
