रांची। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद और उर्दू अखबार के निदेशक मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमों ने रांची, दिल्ली और कोलकाता के कुल सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
टीएमसी एमपी से जुड़े मामले में रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अखबार ए मसरिख के दफ्तर में ईडी की छापेमारी चल रही है।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बिधाननगर थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर की जा रही है। मामला सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रकाशन, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कथित अवैध फंडिंग से जुड़ा है। आरोप है कि संदिग्ध स्रोतों से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल ऐसी गतिविधियों में किया गया, जिनसे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा था।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीमें सांसद और अखबार प्रबंधन से जुड़े बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। एजेंसी मुख्य रूप से दो बिंदुओं पर जांच केंद्रित कर रही है।
संदिग्ध फंड का वास्तविक स्रोत क्या था?
इस राशि का इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया गया?
कार्रवाई तीनों शहरों में एक साथ जारी है। जांच एजेंसी अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पूरी पड़ताल के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
