चास : खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चास प्रखंड अध्यक्ष रामदयाल सिंह के नेतृत्व में डुमरो सेवनडीह स्थित पार्टी कार्यालय से बांसगोड़ा पंचायत होते हुए रितुडीह पंचायत तक जन-जागरण अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को विधेयक के संभावित प्रभावों और झारखंड के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

अभियान को संबोधित करते हुए झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक विधेयक वापस नहीं लेती, पार्टी का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेंगे।

मंटू यादव ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा झारखंड का अधिकार है। कोयला व खनन से मिलने वाली राशि राज्य के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। झारखंड के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक जन-जागरण अभियान चलेगा और 7 सितंबर को चास प्रखंड मुख्यालय में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

अभियान का संचालन चास प्रखंड सचिव मनोज महतो ने किया। मौके पर जिला प्रवक्ता आकाश टुडू, चास नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।