जमशेदपुर। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी और छिनतई से जुड़े 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर गिरोह की पूर्व की वारदातों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही मोबाइल, आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह की गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई, जिसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें पूर्व में दर्ज चोरी और छिनतई के मामलों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने जमशेदपुर के किन-किन थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में चोरी और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
