​रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और धांधली के खिलाफ आंदोलित छात्रों को अब झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) का बड़ा साथ मिला है। जेएलकेएम सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो रविवार को छात्रों की मांगों के समर्थन में रांची स्थित पुराने विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास पर बैठे।

​उपवास के दौरान जयराम महतो ने राज्य सरकार की नीतियों और आयोग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा लंबे समय से सड़कों पर उतरकर अपने हक और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके भविष्य को लेकर बेपरवाह बनी हुई है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और अविलंब सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

​जयराम महतो ने यह भी ऐलान किया कि आगामी 10 अगस्त को छात्रों द्वारा आयोजित 'विधानसभा मार्च' में वह खुद व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही उनकी पार्टी जेएलकेएम ने भी इस आंदोलन और मार्च को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।