रांची। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची की ओर से ली जाने वाली 10वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए तैयारियां शुरु हो गयी हैं।जैक ने इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के अलावा संबंधित संस्थानों के लिए भी जरुरी सूचना जारी करते कहा है कि परीक्षा से संबंधित आवेदन पत्र भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से आरंभ होगी। वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2027 (10वीं बोर्ड) के लिए बगैर विलंब शुल्क के 12 नवंबर से 26 नवंबर तक फॉर्म भरे जाएंगे। इसी अवधि में चालान भी जेनरेट किये जायेंगे। ऑनलाइन या आरटीजीएस के जरिये 30 नवंबर तक शुल्क जमा होगा। इस परीक्षा के लिए विलंब शुल्क के साथ 27 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच आवेदन किये जा सकेंगे जबकि ऑनलाइन माध्यम से 7 दिसंबर तक शुल्क जमा कर देना होगा। इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए भी यही तिथियां लागू रहेंगी। मतलब बगैर फाइन के 12-26 नवंबर तक आवेदन करना होगा जबकि ऑनलाइन माध्यम से 30 नवंबर तक शुल्क जमा होगा। लेट फाइन के साथ 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक परीक्षा आवेदन फॉर्म स्वीकार किये जायेंगे। जैक अध्यक्ष की ओर से अपील करते कहा गया है कि समय रहते छात्र और संबंधित संस्थान आवेदन कर लें। इससे अंतिम समय में होने वाली गड़बड़ियों और अन्य त्रुटियों से बचा जा सकेगा। 2 दिसंबर से जैक के पोर्टल पर परीक्षा आवेदन प्रपत्र और शुल्क विवरण उपलब्ध होगा।