रांची/नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड में चले छात्र आंदोलन के समाधान के लिए सीएम हेमंत सोरेन की भूमिका को सराहा है। सीएम और उनकी पूरी कैबिनेट को भी इसके लिए बधाई दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इस संबंध में बताया कि गुरुवार को नयी दिल्ली में उन्होंने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भेंट की। इस दौरान उन्हें राज्य में 26 दिनों तक चले छात्र आंदोलन तथा राज्य सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। इस पर मल्लिकार्जुन खडगे ने सीएम हेमंत सहित पूरे कैबिनेट की तारीफ की। उन्होंने कहा है कि जिस संवेदनशीलता के साथ इस आंदोलन का समाधान राज्य सरकार ने किया, वह सराहनीय है। इरफान अंसारी ने श्री खड़गे को आंदोलन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट भी सौंपी।
बताया कि लोकप्रिय नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन और सक्रिय हस्तक्षेप ने युवाओं के मुद्दे को गंभीरता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पूरे मामले को संवेदनशीलता और शांतिपूर्ण तरीके से संभाला। आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की, मेडिकल बोर्ड का गठन किया। आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। श्री अंसारी ने कहा कि युवाओं का आंदोलन को लंबे समय तक चलाया जाना उनके भविष्य के लिए नुकसानदायक होता। झारखंड सरकार ने टकराव की बजाय संवाद, संवेदनशीलता और समाधान का रास्ता चुना।
