रांची। 135वें डूरंड कप के रांची चरण की आज से शुरुआत होगी। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए पहली बार राजधानी रांची मेजबानी कर रहा है। अब 16 अगस्त तक पूरी रांची फुटबॉल के रंग में रंगी दिखेगी। इस दौरान 6 लीग मैच और एक क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। भारतीय सेना की आयोजन समिति और जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था सहित अन्य पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की आर्मी टीम डिफेंडर एफसी के बीच ग्रुप सी का पहला मुकाबला खेला जायेगा। इसके लिए स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू सहित भारतीय सेना के भी अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। इस टूर्नामेंट के लिए फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।
