कर्रा (खूंटी) : कर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान टीम ने एक चारपहिया वाहन से करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने गांजा लदे सेल्टोस वाहन को जब्त करते हुए उसमें सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरही निवासी रविशंकर मालाकार, रिजवान खान, रवि कुमार, मो. इतरासील और मो. अफरीदी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए एनसीबी की टीम अपने साथ रांची ले गई है।
जानकारी के अनुसार, खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के राउरकेला से सिमडेगा और कमडारा के रास्ते गांजा लदा एक वाहन कर्रा-लोधमा होते हुए रांची की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद कर्रा पुलिस और एनसीबी की टीम ने लोधमा पिकेट के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध सेल्टोस वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से गांजा और वाहन को जब्त कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में एनसीबी रांची की टीम बरामद गांजा, जब्त वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को लेकर रांची स्थित कार्यालय पहुंची, जहां मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां पहुंचाई जानी थी तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
