रांचीः 135वें डूरंड कप फुटबॉल मैच के लिए बुधवार को रांची में टिकट मिलने शुरू हो गये। पहले ही दिन 12,000 जीरो टिकट बंटे। मतलब इसके लिए दर्शकों को किसी तरह का शुल्क नहीं देना पड़ा । मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में टिकटों की बिक्री के लिए 12 काउंटर बनाये गये थे। सुबह 11 बजे काउंटर खुलने के साथ ही खेल प्रेमियों में उत्साह दिखता रहा। साम 4 बजे तक टिकट पाने को इच्छुक लोग अपना पहचान पत्र दिखाकर टिकट लेते दिखे। पहचान पत्र पर एक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट ही दिये गये। 28 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम के लिए अब भी करीब 10 हजार टिकटों की बिक्री होनी है। खेल विभाग उम्मीद जता रहा है कि 26 जुलाई को होने वाले उद्घाटन मैच से पूर्व तक सभी टिकट बिक जायेंगे। इसके अलावा 27 जुलाई से अलग-अलग मैचों के लिए जीरो टिकट लोगों को जारी किये जाने हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को 135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित देने पर्यटन विभाग व भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और उनसे समारोह में आने का आग्रह किया।


पहली बार रांची को मेजबानी

मालूम हो कि पहली बार रांची को इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। भारतीय सेना के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन 26 जुलाई से 16 अगस्त तक होना है। इस दौरान 6 लीग मैच के अलावा 1 क्वार्टरफाइनल मैच भी खेला जाना है। इसके आयोजन की तैयारियों को अंतिम रुप देने को खेल विभाग, झारखंड और मिलिट्री स्टेशन, दीपाटोली (रांची) की टीम लगातार लगी हुई है।