​रांची।​ अंतरराष्ट्रीय जेएससीए स्टेडियम, धुर्वा में 09 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 मैच की तैयारियों को लेकर जिला समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

​बैठक के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़े मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दोपहर 3 बजे से दर्शकों का प्रवेश शुरू होगा। एंट्री गेट खुलने से पहले स्टेडियम के आस-पास बिना टिकट वाले दर्शकों को जमा नहीं होने दिया जाएगा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

​दर्शक निर्धारित गेटों से ही लाइन में लगकर प्रवेश करेंगे। असुविधा से बचने के लिए दर्शकों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।

​ स्टेडियम परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु ले जाने पर पूर्ण रोक रहेगी।वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है।

​उपायुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

​बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक (शहर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात)राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण, तथा जेएससीए के अध्यक्षअजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय और सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।