रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। शुरुआती दो दिनों में ही मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। मंगलवार को भी सुबह से ही काउंटर पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।

स्टेडियम में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने आवागमन और पार्किंग के लिए विशेष रूट प्लान जारी किया है। जगन्नाथपुर मंदिर की ओर से आने वाले दर्शक नॉर्थ और वेस्ट गेट का इस्तेमाल करेंगे। वाहनों के लिए शहीद मैदान और आसपास पार्किंग व्यवस्था की गई है।

धुर्वा गोलचक्कर की ओर से आने वाले दर्शक साउथ और ईस्ट गेट से प्रवेश करेंगे। इनके वाहन मियां मार्केट, जवाहर पार्किंग और धुर्वा गोलचक्कर मैदान में पार्क होंगे।

शाखा बागान की ओर से आने वाले दर्शक अपने वाहन शाखा बागान पार्किंग और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के पास पार्क करेंगे।

यातायात पुलिस ने दर्शकों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपना गेट, आने का रूट और निर्धारित पार्किंग स्थल ध्यान से देख लें। वाहन पार्क करने के बाद दर्शकों को अपने संबंधित गेट तक पैदल ही जाना होगा।