​बोकारो। जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।नावाडीह-मुंगोरंगामाटी मुख्य मार्ग पर बस्तेजिया और कुकरलिलवा गांव के बीच एक सनकी युवक ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वृद्ध दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

​मृतकों की पहचान नावाडीह निवासी जानकी महतो (70 वर्ष), उनकी पत्नी सुगिया देवी (62 वर्ष) और बहू गोरी देवी (45 वर्ष, पति कोलेश्वर महतो) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार जानकी महतो अपने परिवार के साथ धान का बीज लेकर खेत में रोपाई करने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही राजू सिंह (40 वर्ष, निवासी बस्तेजिया) ने अचानक उन पर कुल्हाड़ी से वार करना शुरू कर दिया। हमले में जानकी महतो और सुगिया देवी के गले पर गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल बहू गोरी देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस और बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

मामले की पुष्टि करते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस अनुसंधान में जुट गई है। प्रथम दृष्टया आरोपी सनकी प्रतीत होता है और उसने अपनी ही सनक में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है।

​एसपी ने यह भी बताया कि आरोपी के अपने पारिवारिक लोग भी उसके व्यवहार से बेहद परेशान थे। मानसिक सनक और खराब आचरण के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।