रांची। राजधानी रांची में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। दोपहर एक बजे से काले बादलों ने डेरा जमाया और झूम कर बरसे। ऐसे बरसे कि नदी नालों में उफान आ गया। कभी मूसलधार तो कभी रिमझिम बारिश ने शहर का कोना कोना भिगो दिया। सड़कों पर भी पानी बहने लगा। कई सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। शहर के कई इलाकों में जल जमाव के कारण जाम की भी स्थिति हो गई। यहां तक कि राजधानी की मुख्य सड़क महात्मा गांधी पथ पर भी नालियों का गंदा पानी बहने लगा। कर्बला चौक के पास भी भारी जल जमाव देखने को मिला। कांटाटोली के पास भी भारी जल जमाव देखने को मिला। इसके अलावा चुटिया के इलाके में भी जल जमाव से लोग परेशान रहे।

8 अगस्त तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावनाः इधर, मौसम विभाग ने राज्यभर में अगले पांच दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के अनुसार, 8 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी संभावना जताई गयी है।

मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक के लिए अलग-अलग जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 5 अगस्त को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होने की संभावना जताई गयी है।

6 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी, 7 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, गुमला, रांची और खूंटी तथा 8 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक पूरे राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास नहीं जाने की अपील की गई है।

गोड्डा में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। गोड्डा में सबसे ज्यादा 175.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नंदाडीह में 54.6 मिमी, मझगांव में 43.4 मिमी, नवाडीह में 41 मिमी और मुसाबनी में 38.4 मिमी बारिश हुई।

राज्य का सबसे अधिक अधिक तापमान बहरागोड़ा में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।