रांची। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने नीलांबर-पितांबर विश्वविद्यालय,मेदिनीनग के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके सभी प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। इसके साथ ही कुलाधिपति ने उन्हें तत्काल प्रभाव से कुलपति पद से इस्तीफा देने का निर्देश भी जारी किया है।
राजभवन को कुलपति के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद राज्यपाल के आदेश पर विश्वविद्यालय का विशेष ऑडिट कराया गया। ऑडिट जांच में करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले और हेराफेरी की पुष्टि हुई है। इस मामले में परीक्षा नियंत्रक समेत विश्वविद्यालय के कई अन्य अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।
गौरतलब है कि डॉ. दिनेश कुमार सिंह की नियुक्ति फरवरी 2025 में हुई थी और महज डेढ़ साल के कार्यकाल के भीतर ही गंभीर आरोपों के चलते उन पर यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
