अनगड़ा / बुंडू। अनगड़ा थाना क्षेत्र के महिलौंग वन क्षेत्र अंतर्गत पुरनाडीह के जंगल में रविवार की शाम बकरी चराकर लौट रहे ग्रामीणों पर एक मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में 55 वर्षीय डोमन मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल डोमन मुंडा मूल रूप से पोवादिरी (बुंडू) के निवासी हैं, जो पिछले करीब 20 वर्षों से अनगड़ा क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर रह रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार शाम तीन ग्रामीण बकरियां चराकर जंगल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपने बच्चे के साथ मौजूद एक मादा भालू ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। भालू को सामने देख दो लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन डोमन मुंडा भालू की चपेट में आ गए।

भालू के हमले के बावजूद डोमन मुंडा ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपने पास मौजूद लाठी से भालू पर पलटवार किया और ज़ोर-ज़ोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनके साहस और शोर की वजह से भालू वहां से भागकर वापस जंगल की ओर चला गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल डोमन मुंडा को निजी वाहन से अनुमंडल अस्पताल,बुंडू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।