​रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच आगामी 9 अक्टूबर को खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में क्रिकेट का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है। बुधवार को दोनों टीमों के खिलाड़ी रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां खेल प्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

​एयरपोर्ट पर आवश्यक कागजी और सुरक्षा औपचारिकताएं पूरी करने के तुरंत बाद भारतीय और वेस्टइंडीज की टीमों को कड़ी सुरक्षा के बीच अलग-अलग लग्जरी बसों से होटल के लिए रवाना किया गया। खिलाड़ियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा हवाई अड्डे के अंदर और बाहर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। बसों के काफिले के गुजरने वाले रूट पर पुलिस बल तैनात रहा।

​अपने पसंदीदा स्टार खिलाड़ियों को करीब से देखने के लिए एयरपोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुबह से ही प्रशंसकों की भारी भीड़ जुट गई थी। जैसे ही खिलाड़ी बाहर निकले, प्रशंसकों ने नारेबाजी और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

​होटल पहुंचने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी विश्राम करेंगे और आगामी 9 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले से पहले जेएससीए स्टेडियम में कल 8अक्टूबर को गहन अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है।

​मैच के दिन स्टेडियम में जुटने वाली दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। शहर के मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्जन और पार्किंग के लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता और मैच देखने आने वाले दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।