रांची। राजधानी में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बीआईटी थाना क्षेत्र के चुटू गांव के पास पुलिस और चेन स्नैचिंग गिरोह के अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह का मुख्य आरोपी रंगीला गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चुटू गांव के आसपास चेन स्नैचिंग गिरोह के सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसमें रंगीला को गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से हाल में छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और हाल की अन्य स्नैचिंग की घटनाओं का सुराग मिल सके। आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
