बोकारो। मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में चल रही सात दिवसीय द्वितीय एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन पंजाब और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। झारखंड के खिलाड़ियों को दो पदक मिले। सीनियर वर्ग के मुकाबले गुरुवार को पूरे हुए। मुख्य अतिथि पूर्व खेल मंत्री अमर कुमार बावरी और भाजपा नेता रोहित लाल सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व चेक देकर सम्मानित किया।
सीनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में पंजाब के बमदेवरा धीरज ने स्वर्ण, यशदीप भिगे ने रजत और ओडिशा के अर्जुन कर ने कांस्य पदक जीता। महिला रिकर्व वर्ग में झारखंड की अंकिता भगत ने स्वर्ण और दीपिका कुमारी ने रजत पदक हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र की घोटा आनंद राव को कांस्य मिला।
सीनियर कंपाउंड पुरुष वर्ग में दिल्ली के अमन सैनी ने स्वर्ण, पंजाब के शैल राजेश यादव ने रजत और दिल्ली के अभिषेक वर्मा ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग में पंजाब की जसवीर कौर ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की प्रतिभा प्रतीक ने रजत और महाराष्ट्र की परी ने कांस्य पदक हासिल किया।
पूर्व खेल मंत्री अमर कुमार बावरी ने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें तलाशकर बेहतर प्रशिक्षण देने की है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को तलाशकर आर्चरी अकादमी में प्रशिक्षण का अवसर दिया गया, जिसका परिणाम बेहतर प्रदर्शन के रूप में सामने आया। मौजूदा सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रति गंभीर व संवेदनशील नहीं है। बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो झारखंड तीरंदाजी में दुनिया में शीर्ष स्थान हासिल कर सकता है।
बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष व पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने प्रतियोगिता के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। जिला सचिव एंजेला सिंह ने बताया कि आयोजन में बोकारो स्टील प्रबंधन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। बारिश के कारण स्टेडियम में कीचड़ हो गया, जिससे खिलाड़ियों को परेशानी हुई। इसके बावजूद आयोजन समिति की व्यवस्था से खिलाड़ी संतुष्ट नजर आए। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अजय सिंह भी मौजूद थे।
