​घाटशिला/जमशेदपुर। एनएच 18 पर घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश सोरेन का कारकेड सड़क हादसे का शिकार हो गया। विधायक के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से सुरक्षा में तैनात चार जवान घायल हो गए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सभी जवानों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि,रोहित वर्मा नाम के सुरक्षाकर्मी को अधिक चोट आई है और उनका इलाज जारी है,जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बनी हुई है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। विधायक सोमेश सोरेन ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर राहत कार्य संभाला और अपने सभी घायल सुरक्षाकर्मियों को तुरंत अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।