​धनबाद।धनबाद जिले में अवैध कोयला कारोबार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रांची और कोलकाता से पहुंची ईडी की टीमों ने जिले भर में कई कोयला कारोबारियों, नेताओं और उनके सहयोगियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे धनबाद और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है।

​सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम ने धनबाद के कतरास, महुदा, लोयाबाद और आसपास के प्रमुख इलाकों में छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई अवैध कोयला खनन, इसके अवैध कारोबार से हुई कमाई की हेरफेर (मनी लॉन्ड्रिंग) और इससे जुड़े सिंडिकेट के खिलाफ की जा रही है।

​इस रेड के दौरान विशेष रूप से बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी रोहित यादव, झामुमो नेता हरेंद्र चौहान और कोयला कारोबारी अनिल गोयल के कपूरिया स्थित कोक भट्ठा परिसर में लंबी जांच-पड़ताल चली। कपूरिया स्थित भट्ठे पर ईडी के अधिकारी लगातार कई घंटों से दस्तावेज खंगाल रहे हैं।

​कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के हाथ कई अहम दस्तावेज, वित्तीय कागजात और पेन ड्राइव लगे हैं। बरामद पेन ड्राइव और डिजिटल डिवाइस से अवैध कोयला सिंडिकेट के लेनदेन और उनसे जुड़े बड़े चेहरों की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है।​फिलहाल, जिले भर में ईडी की 25 अलग-अलग टीमें समानांतर रूप से छापेमारी और जांच में जुटी हुई हैं, जिससे आने वाले घंटों में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।