बोकारो थर्मल। डीवीसी प्रबंधन द्वारा मनमाने तरीके से 26 दुकानों का आवंटन किए जाने के विरोध में स्थानीय विस्थापितों और बेरोजगारों ने बुधवार को डीवीसी सिविल ऑफिस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
विस्थापित नेताओं का आरोप है कि प्रबंधन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रहा है और स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देने के बजाय संसाधनों का मनमाने ढंग से बंदरबांट किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इन सभी 26 दुकानों के आवंटन को तुरंत रद्द करने की मांग की है।
मांगें पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर से बोकारो थर्मल प्लांट का चक्का जाम आंदोलन करने की घोषणा की गई है। हालांकि, अधिकारियों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिए जाने के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।
इस विरोध प्रदर्शन में विस्थापित समिति के महासचिव बालेश्वर यादव, अध्यक्ष करीम अंसारी, आजसू नेता मंजूर अंसारी, डब्बू अंसारी, राजू अंसारी, असगर अली, बिनोद महतो, रबि तुरी, नूर मोहम्मद, बसंत घासी, मिथलेश राज और संजय रजवार सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
