रांची।17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में आयोजित विशेष कैबिनेट बैठक में राज्य सरकार द्वारा छात्रों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के० राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में पार्टी के मंत्रियों और विधायकों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार का यह फैसला छात्रों और अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया एक संवेदनशील और सराहनीय कदम है। टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने के निर्णय से प्रभावित अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त होगी। नेताओं ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनहित और युवाओं के मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

बैठक में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, डॉ. रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।