बरही (हजारीबाग): पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौपारण थाना क्षेत्र के सियरकोनी स्थित मां गंगोत्री होटल में छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, तीन जिंदा कारतूस, एक डिजायर कार, एक बुलेट बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के लोदीपुर निवासी अक्षय यादव (21), प्रिंस कुमार (19) और करण राज (19) के रूप में हुई है।

एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय यादव और प्रिंस कुमार के खिलाफ बिहार के रेल थाना और बेलागंज थाना में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ चौपारण थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बरामद हथियार के स्रोत और आरोपियों की आपराधिक मंशा की जांच कर रही है।

छापेमारी दल में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसआई कृष्ण कुमार गुप्ता, एसआई कुणाल किशोर, एसआई दिव्य प्रकाश, एएसआई बादल कुमार महतो तथा चौपारण थाना के सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे।