रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रांची के ओटीसी ग्राउंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा तथा 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।
सभा को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का कार्यकाल देशवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है, जिसका मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट’ रहा है। प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं के अनवरत प्रयास से देश वैश्विक पटल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर की ओर अग्रसर है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है और 2047 तक विकसित भारत का निर्माण ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। वहीं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने जोर दिया कि भारत अब आर्थिक ही नहीं, बल्कि सैन्य ताकत के रूप में भी मजबूत हुआ है। मैन्युफैक्चरिंग, इनोवेशन और आधुनिक टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भरता के साथ ‘वी विल डू इट’ के संकल्प पर देश आगे बढ़ रहा है।
पूर्व संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने 140 करोड़ देशवासियों को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए ओलंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था और विकसित भारत के लक्ष्यों के बारे में कहा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश सेवा तथा विकसित भारत के निर्माण की शपथ ली, जिसके बाद 'सेवा ज्योति यात्रा' को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
