हजारीबाग। आगामी 3 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली की तैयारियों को लेकर भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को सांसद कार्यालय, झंडा चौक, हजारीबाग में आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि 3 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को लेकर पार्टी संगठन पूरी गंभीरता से तैयारी में जुटा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश से लेकर जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की सामूहिक शक्ति और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम की तैयारियों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने अपने संबोधन में रैली की तैयारियों एवं संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रम को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है।

इसके बाद बरही विधायक मनोज यादव ने अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम की तैयारियों, संगठन की सक्रियता एवं विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी 3 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को लेकर पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संगठन की एकजुटता, सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर है। रैली में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।

साथ ही उन्होंने भारत में अराजकता फैलाने के प्रयासों को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने का शतक बना चुके है राहुल गांधी।हाल में हुए निकाय चुनावों में बैलेट पेपर से चुनाव होने के बाद भी शून्य पर ही कांग्रेस रही और चुनाव जीत नहीं पा रहे तो देश के संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना कर देश की सत्ता में पहुंचना चाह रहे है।

वहीं, कार्यक्रम के प्रभारी पूर्व विधायक विरिंची नारायण ने अपने संबोधन में 3 नवंबर को होने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संगठनात्मक समन्वय और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में जिला प्रभारी किशुन दास सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक का मंच संचालन जिला महामंत्री जय नारायण कुशवाहा तथा धन्यवाद ज्ञापन सर्वेश सिंह ने किया।