धनबाद। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद परिसर में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के छात्र प्रतीक राजकुमार माने की 8वीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गयी। घटना सुबह करीब 7:30 बजे संस्थान के एक्वा मरीन हॉस्टल में घटी। छात्र को तुरंत अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले (अहमदपुर प्रखंड) का रहने वाला प्रतीक हॉस्टल की बालकनी से सफायर हॉस्टल के सामने स्थित सड़क पर गिरा था। घटना के बाद संस्थान के मुख्य सुरक्षा अधिकारी राम मनोहर ने परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र का मोबाइल जब्त कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
हॉस्टल में रहने वाले साथियों के अनुसार प्रतीक बीते कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था। इसी वजह से परिजन पिछले महीने उसे घर ले गए थे। वह 25 अक्टूबर को ही वापस संस्थान लौटा था। हालांकि, उसके तनाव की वजह और इस घटना से उसके सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
सहपाठियों ने बताया कि प्रतीक पढ़ाई में बेहद प्रतिभाशाली था और उसका स्कोर हमेशा 8 सीजीपीए से ऊपर रहता था। उसने हाल ही में संपन्न GATE 2026 की पेट्रोलियम इंजीनियरिंग परीक्षा में पूरे देश में 10वीं रैंक (AIR-10) हासिल की थी। उसकी इस अचानक मौत से संस्थान के छात्र और शिक्षक स्तब्ध हैं।
सूचना मिलने के बाद प्रतीक के परिजन नांदेड़ से धनबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। छात्र दुर्घटनावश गिरा या मामला कुछ और है, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
