रांची। कांके स्थित नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्ट्डी एंड रिसर्च इन लॉ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रमों (पीजी डिप्लोमा) का औपचारिक शुभारंभ शनिवार से हो गया। इसके लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड पर छात्रों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ये विशेषीकृत डिप्लोमा पाठ्यक्रम छात्रों को उन्नत विधिक ज्ञान, व्यावहारिक समझ और पेशेवर दक्षता प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा, कार्यक्रम प्रतिभागियों के करियर को नई दिशा देने के साथ-साथ उनके बायोडाटा एवं पेशेवर प्रोफाइल को भी मजबूत करेगा। इस अवसर पर उन्होंने कक्षाओं के संचालन, अकादमिक ढांचे एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। विश्वविद्यालय को 30 अक्टूबर 2026 तक प्रथम बैच के लिए कुल 49 प्रवेश प्राप्त हुए हैं, जिनमें 27 ऑफलाइन तथा 22 ऑनलाइन माध्यम से नामांकन करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं। इसके बाद संकाय सदस्यों ने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित तीन स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रमों का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया।