रांची। झारखंड की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक के साथ 'चुनाव पाठशाला' आयोजित करने का कड़ा निर्देश दिया है।

​शनिवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी वैध भारतीय नागरिक का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए, वहीं किसी अपात्र या विदेशी नागरिक का नाम शामिल न हो सके। इसके लिए उन मामलों की विशेष जांच की जाएगी जहां नोटिस के बावजूद दस्तावेज जमा नहीं हुए हैं।

​पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 1 से 12 नवंबर तक पूरे राज्य में 'होम टू रोल विजिट' अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर ज़मीनी सत्यापन करेंगे। अभियान के अंत में प्रत्येक बीएलओ से लिखित शपथ-पत्र लिया जाएगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहा है।