बोकारो।जिले के सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 इलाके में आस्था और भक्ति के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। साधु के भेष में आए दो शातिर ठगों ने एक महिला को अपनी जाल में फंसाकर सोने के जेवरात ठग लिए। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और उनके पास से ठगी का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
कैंप-2 निवासी बबीता देवी के घर साधु के भेष में दो युवक पहुँचे। महिला ने उनका आदर-सत्कार करते हुए उन्हें भोजन कराया। भोजन के दौरान महिला ने अपनी कुछ घरेलू परेशानियां उनके सामने रखीं।
इसका फायदा उठाते हुए दोनों ठगों ने कहा कि वे पूजा-पाठ और चमत्कार से उनके सभी कष्टों का निवारण कर देंगे। उन्होंने महिला से घर में रखे सोने के जेवरात लाने को कहा। महिला ने विश्वास करके अपना मंगलसूत्र और कान की बाली लाकर उन्हें सौंप दी।
इसके बाद ठगों ने हाथ की सफाई दिखाते हुए असली जेवरात अपने पास रख लिए और कपड़े में पीतल के कुछ टुकड़े बांधकर महिला को थमा दिए। साथ ही चेतावनी दी कि इसे शाम 5:00 बजे के बाद ही खोलना, वरना कष्ट और बढ़ जाएगा।
शाम को जब महिला ने वह कपड़ा खोलकर देखा, तो उसमें पीतल के टुकड़े देखकर उनके होश उड़ गए। ठगी का अहसास होते ही महिला ने अपने पति के साथ तुरंत सिटी थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दोनों ठगों की तस्वीरें साफ-साफ कैद हो चुकी थीं, जिससे पुलिस को अनुसंधान में काफी मदद मिली।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी मदद से पुलिस ने बोकारो रेलवे स्टेशन के पास एक कैंप में रह रहे दोनों आरोपियों को धर दबोचा।पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने महिला का मंगलसूत्र और कान की बाली सुरक्षित बरामद कर ली है।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
