रांची। नागपुर (महाराष्ट्र) में 28–30 नवंबर को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का 11वां अखिल भारतीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसकी तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को आइसा के रांची स्थित राज्य कार्यालय में उसकी (आइसा झारखंड) ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। साथ ही, जेन-जी के नए हिंदुस्तान के निर्माण के आह्वान के साथ सम्मेलन के पोस्टर का लोकार्पण किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आइसा की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन हो या झारखंड में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से उठी जेपीएससी-जेएसएससी में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष की आवाज, आइसा ने हर मोर्चे पर छात्रों के लोकतांत्रिक और शैक्षणिक अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि एक ऐसे नए हिंदुस्तान के निर्माण की जरूरत है जहां शिक्षा, रोजगार, समानता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की गारंटी हो। इसी व्यापक संकल्प के साथ आइसा का 11वां अखिल भारतीय सम्मेलन आयोजित होगा। आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने कहा कि झारखंड में सम्मेलन की तैयारी को लेकर व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में जिला सम्मेलन, विश्वविद्यालय सम्मेलन और इकाई सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर संयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है।