रांची। रांची डीसी सह प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में भारत की जनगणना, 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान डीसी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और राष्ट्रव्यापी कार्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को निधार्रित दिशा-निर्देश के अनुरूप कार्य करने को कहा। डीसी ने जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी देते हुए कहा कि राँची जिला अंतर्गत सभी चार्जों में प्रथम चरण अर्थात् मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। उन्होंने निर्देश देते कहा कि प्रशिक्षण लेने वाले अधिकारी प्रशिक्षण की हर बिंदु को गंभीरता से समझें ताकि फील्ड में काम करते समय किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या न आए। मौके पर केंद्रीय प्रशिक्षकों की टीम ने कहा कि देश की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के कार्यों को पूरा करने के लिए जिला, अनुमंडल, शहर और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों तथा क्षेत्रीय पदाधिकारियो के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय टीम ने जानकारी देते कहा कि जनगणना 2027 का द्वितीय चरण जनसंख्या गणना कहलाता है। इस बार की विशेष बात यह है कि यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। प्रगणक विशिष्ट मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से स्मार्टफोन पर परिवारों से आँकड़े एकत्र करेंगे।आम नागरिकों को निर्दिष्ट वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। द्वितीय चरण में जाति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी।
जिला
ब्रेकिंग
