रांची। सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर भाजपा ने रविवार को जोरदार विरोध जताया। इसे राज्य के लिए शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। साथ ही सभी 595 सांगठनिक मंडलों में सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन भी किया। रांची महानगर की ओर से पार्टी ने राजधानी में अल्बर्ट एक्का चौक पर सरकार और राज्य की विधि व्यवस्था को लेकर नारेबाजी भी की। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि कोई महिला अगर थाने में न्याय मांगने जाए और वहीं उसकी प्रतिष्ठा दांव पर लग जाए तो यह शर्मनाक है। रक्षक का भक्षक बन जाना बेहद चिंताजनक स्थिति बताता है। इससे पहले पूर्व मंत्री एवं कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी गम्हरिया थाना में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म की घटना को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाये। प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक महिला के साथ हुआ अपराध नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था और राज्य सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल है। डॉ. यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध के लिए हेमंत सोरेन सरकार की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराया।
रांची में आज ‘लोकतंत्र बचाओ - अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
रांची। राजधानी रांची में 02 नवंबर (सोमवार) को ‘लोकतंत्र बचाओ - अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा पूर्वाह्न 11:00 बजे मोराबादी स्थित बापू वाटिका से प्रारंभ होगी, जो कचहरी मार्ग से होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचकर समाप्त होगी। इस विरोध मार्च और पदयात्रा में संगठन व सरकार के कई वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव, राष्ट्रीय महामंत्री सह प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार इस पदयात्रा में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होकर अभियान को सफल बनाएंगे।
