देवघर। भारत मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत सोमवार को देवघर आ रहे हैं। वे व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज कम इम्पॉवरमेंट कैंप का उदघाटन करेंगे और बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के कई न्यायाधीश, झारखंड के मुख्य न्यायाधीश समेत कई विशिष्ट लोग शामिल होंगे। आय़ोजन को लेकर रविवार को जिला प्रशासन और न्यायिक पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल व्यवहार न्यायालय परिसर का जायजा लिया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) कौशल किशोर झा, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विधि व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और कार्यक्रम स्थल पर चल रहे अंतिम चरण के कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कार्यक्रम के दौरान की जाने वाली पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षा के विभिन्न संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी दी और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए तैयार किए गए विशेष रूट चार्ट के बारे में बताया, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मुख्य न्यायाधीश का काफिला भी सुरक्षित व निर्बाध रूप से गुजर सके। इस दौरान कई न्यायाधीशगण, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निर्देशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।