बरही (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले में वर्ष 2019 से लंबित पड़ी गृह रक्षक (होमगार्ड) जवानों की बहाली प्रक्रिया को लेकर सफल अभ्यर्थियों ने आज बरही स्थित आवास पर स्थानीय विधायक मनोज कुमार यादव से भेंट की। अभ्यर्थियों ने विधायक को अपनी 6 सालों से लंबित पीड़ा सुनाई और जल्द रिजल्ट जारी कराने की मांग की।

अभ्यर्थियों ने बताया कि 2019 में हजारीबाग जिला प्रशासन द्वारा होमगार्ड बहाली के लिए आवेदन मंगाए गए थे। हजारों युवाओं ने आवेदन किया था। शारीरिक परीक्षा, दौड़, लिखित परीक्षा सहित सभी चरणों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। मेरिट लिस्ट भी तैयार हो चुकी थी, लेकिन अंतिम परिणाम आज तक जारी नहीं किया गया। इससे सैकड़ों सफल अभ्यर्थी बेरोजगार बैठे हैं और कई की उम्र सीमा भी समाप्त होने वाली है।

इस पर विधायक मनोज कुमार यादव ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने विगत विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और गृह विभाग के मंत्री के समक्ष मजबूती से उठाया था। विधायक के सवाल के बाद ही सरकार ने इस पर संज्ञान लिया और जिला स्तर पर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

विधायक ने कहा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। 6 साल तक बहाली को लटकाए रखना युवाओं के साथ अन्याय है।

अभ्यर्थियों की मांग पर विधायक मनोज यादव ने मौके से ही हजारीबाग के उपायुक्त से दूरभाष पर बात की। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि अभ्यर्थी काफी परेशान हैं और जल्द रिजल्ट जारी करना जरूरी है।

बातचीत के दौरान हजारीबाग डीसी ने आश्वासन दिया कि सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है और 1 से 2 दिनों के भीतर होमगार्ड बहाली का अंतिम परिणाम (फाइनल रिजल्ट) जारी कर दिया जाएगा। उपायुक्त के इस आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों में उम्मीद जगी है। अभ्यर्थियों ने विधायक मनोज यादव का आभार जताया और कहा कि उनके प्रयास से ही आज यह मामला समाधान की ओर बढ़ा है। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि अंतिम नियुक्ति तक विधायक इसी तरह उनका साथ देते रहें।