सरायकेला। जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ हुए कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। ताजा कार्रवाई के दायरे में दो सब इंस्पेक्टर (एसआई), चार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई), दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार विभागीय और प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठा रहा है।

थाने की चारदीवारी के भीतर—जहां एक नागरिक सुरक्षा और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचता है—ऐसी घटना सामने आने से पूरी पुलिस व्यवस्था कटघरे में आ खड़ी हुई है। फिलहाल, निलंबन की लगातार हो रही इस कार्रवाई के बीच घटना के वक्त ड्यूटी पर तैनात रहे इन पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका और संलिप्तता की गहन जांच की जा रही है।