रामगढ़। बीएफसीएल द्वारा प्रोत्साहित युवा वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी ने जॉर्जिया में आयोजित बातुमी अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। अंजना ने डबल डैगर और विनचुन स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए।
30 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंजना ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और मेहनत का प्रभावी प्रदर्शन किया। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी खेल प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है।
अंजना की इस सफलता में उनके परिवार और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ बीएफसीएल के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीएफसीएल की ओर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अंजना की उपलब्धि पर बीएफसीएल ने उन्हें बधाई दी और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश एवं झारखंड का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
