बोकारो। बोकारो नगर की स्वास्थ्य व्यवस्था, छात्र हित और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अजय नाथ झा से मुलाकात की। इस दौरान सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्था समेत कई जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा बोकारो नगर के निवर्तमान अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, महामंत्री अमित कुमार, कार्यालय मंत्री मनोज झा और महिला नेत्री मंजू सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने सदर अस्पताल में कथित लापरवाही का मामला प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि गंभीर रूप से गले में चोट लगे एक मरीज को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। आरोप है कि टांके लगाने के दौरान अस्पताल में एनेस्थीसिया उपलब्ध नहीं था। इसके बाद परिजनों को आसपास के निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोर से दवा की व्यवस्था करनी पड़ी, जिसके बाद मरीज का उपचार हो सका।
प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा बोकारो नगर की जर्जर सड़कों, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं समेत शहर के सुनियोजित विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
वहीं, केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 से जुड़े लंबित मामलों और छात्रों को हो रही परेशानियों से भी उपायुक्त को अवगत कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित मामलों की जांच कराने और स्वास्थ्य व्यवस्था में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही की शिकायत पर उचित कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के सकारात्मक रुख के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होगी और सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
