रांची। झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। प्रतुल शाह देव ने कहा कि मुख्यमंत्री को भविष्य के सपने दिखाने से पहले वर्ष 2026 में झारखंड की वर्तमान स्थिति का हिसाब जनता को देना चाहिए।
प्रतुल शाह देव ने कहा कि बिना स्पष्ट नीति, नियोजन और जवाबदेही के किसी राज्य को शीर्ष पर ले जाने का दावा केवल राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने सरकार से 2050 के 'विकसित झारखंड' का ठोस रोडमैप सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आगामी पांच वर्षों में कितने युवाओं को रोजगार दिया जाएगा, राज्य के रिक्त सरकारी पद कब तक भरे जाएंगे और शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार की समयबद्ध योजना क्या है? इसके साथ ही उन्होंने औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी भी मांगी।
केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया है, वह एक व्यापक अभियान है। इसमें युवाओं, शिक्षाविदों, उद्योग जगत और विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित कर शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर कार्ययोजना तैयार की गई है।
