रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और मानसून के सक्रिय होने से झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।गढ़वा, पलामू और लातेहार में भारी बारिश की संभावना है। खूंटी, लोहरदगा, गुमला, बोकारो, धनबाद, कोडरमा और गिरिडीह में गर्जन के साथ तेज बारिश और वज्रपात का अलर्ट है। 19 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। बाकी जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ बीच-बीच में धूप निकल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 21 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में तेज हवा, वज्रपात और गर्जन के साथ जोरदार बारिश होने के आसार हैं।