बुंडू (राँची)। स्थानीय हैप्पीनेस रिसॉर्ट में मंगलवार को आजसू पार्टी का तमाड़ विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन की मजबूती, जनसमस्याओं और क्षेत्र के विकास पर चर्चा की।
श्री महतो ने कहा कि राजनीतिक षड्यंत्र और गुमराह करने की राजनीति ज्यादा दिन नहीं टिकती, जनता सब समझ रही है। सम्मेलन में रेलडीह के पूर्व उपप्रमुख दिलीप साहू और झामुमो के पूर्व बुंडू प्रखंड अध्यक्ष चौधरी महतो ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा आदिवासी युवा नेता प्रताप सिंह मुंडा और जिला वरीय अध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में चंदन कर्मकार, महेश कर्मकार, समाजसेवी महेश शर्मा सहित दर्जनों लोगों ने पार्टी का दामन थामा।
कार्यक्रम में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम करने का संकल्प दोहराया गया। इस अवसर पर रामदुर्लभ सिंह मुंडा, विनय सिंह मानकी, हीरालाल दास, राजकिशोर कुशवाहा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
