देवघर। भारत के मुख्य न्यायधीश सूर्यकांत 2 नवंबर को देवघर आएंगे। वे देवघर के व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप का उदघाटन करेंगे। साथ ही बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना भी करेंगे। मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन को लेकर बुधवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) कौशल किशोर झा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जानकारी दी कि भारत के मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन पर न्यायालय परिसर में स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप' का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। डीसी ने कहा की बाबा बैद्यनाथ मंदिर में मुख्य न्यायाधीश की पूजा-अर्चना के पश्चात न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर संबंधित प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहेंगे। एसपी प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं और कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए तैयार किए गए रूट चार्ट और पुलिस बलों की तैनाती की रूपरेखा से सभी को अवगत कराया। बैठक की समाप्ति के पीडीजे ने डीसी, एसपी व अन्य अधिकारियों के साथ व्यवहार न्यायालय परिसर में 2 नवंबर को आयोजित होने वाले 'स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप' को लेकर की जाने वाली तैयारियों और पंडाल, मंच निर्माण से जुड़े विभिन्न सुरक्षा व व्यवस्था का निरीक्षण किया। बैठक में जिले के न्यायाधीशगण, अपर समाहर्ता, जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला
ब्रेकिंग
