​रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 2 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र भगाओ’ कार्यक्रम पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तंज कसा है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के इस नारे से ही उसकी असली मंशा उजागर हो गई है। भाजपा लोकतंत्र को बचाने का नाटक कर रही है, जबकि उसका असली उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का बचाव करना है।

राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र का मूल आधार जनता है और इसका संचालन संवैधानिक व्यवस्था के तहत होता है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया है किभाजपा को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसे लोकतंत्र की चिंता है या उन अधिकारियों की, जिनकी भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं? उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की रक्षा का मतलब किसी पदाधिकारी को सवालों से बचाना नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।

कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र भगाओ’ का नारा सुनने में तो आकर्षक लगता है, लेकिन इसके पीछे के सवाल बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि जब भी विपक्ष चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूची में गड़बड़ियों और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा को लेकर आवाज उठाता है, तब भाजपा ठोस जवाब देने के बजाय नारेबाजी का सहारा लेने लगती है।

​