रांची।बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का व्यापक असर बुधवार सुबह से ही झारखंड में देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची में तड़के गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई, जिसके बाद से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है।
रांची के अलावा हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत राज्य के अधिकांश जिलों में काले घने बादल छाए हुए हैं। दोपहर बाद जमशेदपुर, चाईबासा और चतरा समेत कई अन्य हिस्सों में भी तेज बारिश दर्ज की गई है।
चक्रवात की गंभीरता और खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने रांची सहित विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों में जलजमाव और आवागमन बाधित होने का खतरा बन गया है।
