चतरा। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग सफल अभियानों में बड़ी कार्रवाई की है। एक तरफ 'ऑपरेशन क्लीन चतरा' के तहत पुलिस ने 1 करोड़ रुपये कीमत का 164 किलो गांजा जब्त किया है, तो वहीं दूसरी ओर लावालौंग थाना क्षेत्र में 600 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

एसडीपीओ सदर सन्नी वर्धन ने सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को जिले में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों की खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी।एसपी के निर्देश और एसडीपीओ के नेतृत्व में चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढ़ा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही सफेद रंग की वरना कार (रजिस्ट्रेशन नंबर: UP14CF-5803) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक चकमा देकर भागने लगा।

पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर तस्कर सिकिद नदी के किनारे कार छोड़कर फरार हो गए। कार की तलाशी लेने पर अंदर से 82 पैकेटों में कुल 164 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार तस्करों और वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

दूसरे मामले में लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है।

एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पसागम से होसिर की ओर लौट रही सुरक्षा बलों की टीम को देखकर बाइक सवार दो लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में सफल रहा।गिरफ्तार आरोपी की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव निवासी मुकेश कुमार गंझू (25 वर्ष), पिता सुरेश गंझू के रूप में हुई है।

पकड़े गए युवक की बाइक की डिक्की से 600 ग्राम अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन और एक हीरो सीडी डीलक्स बाइक जब्त की गई है।

पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है और गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।