धनबाद। धनबाद थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर के पास एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इस संबंध में धनबाद थाने में मामला दर्ज किया गया है।
यह घटना 27 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे की है। बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में एक व्यक्ति का कार्ड फंस जाने पर, शातिरों ने पिन नंबर पूछकर धोखे से कार्ड और पासवर्ड हासिल कर लिया। इसके बाद फर्जी हेल्पलाइन नंबर (7665097917) का झांसा देकर पीड़ित को वहां से हटा दिया।
कुछ ही देर में पीड़ित के खाते से दो बार में कुल 47,800 रुपये (रानी सती ज्वेलर्स से 32,800 रुपये और बाटा शोरूम से 2,000 रुपये सहित अन्य) की अवैध निकासी का मैसेज आ गया। पीड़ित ने जब ज्वेलर्स और बाटा शोरूम के पास छानबीन की, तो दोनों संदिग्ध थैला लेकर एक्सिस बैंक एटीएम की ओर जाते दिखे। सतर्क स्थानीय लोगों ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया और मौके पर पहुंची धनबाद थाना की गश्ती दल के हवाले कर दिया।
