गिरिडीह। गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को गिरिडीह पहुंचीं। शहर के सर्किट हाउस पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, झामुमो नेताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुके देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत करने वालों में मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, झामुमो नेता श्वेता शर्मा, उपायुक्त रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार और डीडीसी स्मिता कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कल्पना सोरेन अपने इस दौरे के दौरान गांडेय विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

गुरुवार को विधायक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर आगामी छठ पर्व को देखते हुए छठ घाटों की तैयारियों और जारी विकास कार्यों का जायजा लिया। इस क्रम में सेनादोनी गांव के तालाब, लेदा, दासडीह पंचायत और प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित छठ घाटों का निरीक्षण शामिल है। इसके अलावा, वह मेदनीसारे पंचायत के रुक्कोटांड़ स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में नए भवन निर्माण कार्य का भी निरीक्षण करेंगी।

दौरे के दौरान कल्पना सोरेन ग्राम पंडरी के मुस्लिम टोला पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगी और उनकी समस्याओं से अवगत होंगी।

हाल ही में महुदा मोड़ के गांधी नगर में नदी में डूबने से हुई तीन बच्चों की दुखद मौत पर संवेदना व्यक्त करने वह पीड़ित परिजनों के घर भी जाएंगी। इसके साथ ही, सिमराकुदर गांव में मांझी परगना और सामाजिक क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगी।